बलौदाबाजार l चंदा देवी तिवारी अस्पताल में अब से प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वेद प्रकाश वर्मा ने अपनी नियमित चिकित्सा सेवाएं देना शुरू कर दिया है। सेवा के पहले ही दिन डॉ. वेद प्रकाश वर्मा ने 53 मरीजों का परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया।
डॉ. वेद प्रकाश वर्मा की नियमित सेवाएं शुरू होने पर क्षेत्र के स्थानीय गणमान्य नागरिकों एवं आमजनों ने उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर नागरिकों ने जिले में हृदय रोगियों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल के लिए चंदा देवी तिवारी अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नितिन तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नितिन तिवारी ने कहा कि पिछले लगभग 10 वर्षों में यह देखने में आया है कि जिले के हृदय रोगियों को हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में उपचार के लिए रायपुर अथवा बिलासपुर का रुख करना पड़ता था। कई बार अस्पताल तक पहुंचने में लगने वाले समय के कारण मरीजों को गोल्डन हावर में आवश्यक उपचार नहीं मिल पाता था, जिसके चलते कुछ मरीजों की जान तक चली जाती थी।
उन्होंने कहा कि इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए चंदा देवी तिवारी अस्पताल में कैथ लैब की शुरुआत करने तथा विशेषज्ञ कार्डियोलॉजिस्ट की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की गई है। इसका उद्देश्य जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम हो और बहुमूल्य समय बचाया जा सके।
डॉ. नितिन तिवारी ने कहा कि अस्पताल में कार्डियक सेवाओं के विस्तार से जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा हार्ट अटैक के मरीजों के लिए समय पर उपचार की संभावना और बेहतर होगी।
चंदा देवी तिवारी अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि हृदय संबंधी किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें और आवश्यक उपचार में देरी न करें।