बलौदाबाजार। औद्योगिक क्षेत्र ग्राम रिसदा स्थित एचटीसी (HTC) हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के विशाल वर्कशॉप परिसर में निर्माण और शिल्प के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वर्कशॉप को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।विधि-विधान से अनुष्ठान और महाआरती: कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। वर्कशॉप के मुख्य पंडाल में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विशेष हवन-पूजन किया गया। इसके बाद, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की जीवनरेखा माने जाने वाले भारी वाहनों (Heavy Vehicles), आधुनिक मशीनों, क्रेन और तकनीकी औजारों का तिलक लगाकर व आरती उतारकर पूजन किया गया। कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से कार्यस्थल पर सुरक्षा, सुख-समृद्धि, उन्नति और वाहनों के सुचारू संचालन की मंगल कामना की।कर्मचारियों में दिखा भारी उत्साह:सालाना होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर एचटीसी कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर आरती में भाग लिया और जयकारे लगाए। पूजा के समापन के पश्चात उपस्थित सभी लोगों, अतिथियों और श्रमिकों के बीच विशेष महाप्रसाद का वितरण किया गया।इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:इस गौरवपूर्ण उत्सव के दौरान एचटीसी कंपनी का पूरा स्टाफ और तकनीकी टीम एकजुट रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एजाज खान, गौरव सिंह, जीतू, राजू, महेंद्र टंडन, रवि शंकर, गजेंद्र, कपिल यदु, खुमान पाल, जितेंद्र चंद्राकर, गौतम श्रीवास, विश्वनाथ वर्मा, नीतीश यदु, राजू घृतलहरे, अभिषेक दास, पुरुषोत्तम साहू, विक्रम छत्रीय और माखन केंवट सहित कंपनी के तमाम कर्मठ कर्मचारी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।