ब्यूटी पार्लर की छात्रा से छेड़छाड़ व उसका पीछा करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पार्लर की मालकिन का रिश्तेदार बताकर युवती से की थी बुरी नीयत से बदतमीजी, पीछा कर किया परेशान
पीड़िता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अय्यूब चौहान को किया गिरफ्तार
आरोपी के विरुद्ध धारा 74, 75, 78 BNS के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई
बलौदाबाजार l जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित व सख्त कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। ब्यूटी पार्लर में कोर्स सीख रही 19 वर्षीय युवती के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने तथा उसका पीछा कर मानसिक रूप से परेशान करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण - थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक ब्यूटी एंड सैलून में पार्लर का कोर्स सीख रही प्रार्थीया (उम्र 19 वर्ष) द्वारा शिकायत दर्ज कराया गया कि आरोपी अय्यूब चौहान अक्सर पार्लर में आता-जाता रहता था। दिनांक 26.06.2026 की रात्रि करीब 10:00 बजे आरोपी ने बुरी नीयत से युवती के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत की। इसके पश्चात भी आरोपी प्रार्थीया का लगातार पीछा करते हुए उसे रास्ते में परेशान करता रहा।
त्वरित विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी:- युवती की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्र. 665/2026 धारा 74,75,78 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा तत्काल पीड़िता का विस्तृत कथन लेखबद्ध किया गया। सिटी कोतवाली पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर उसे आज दिनांक 06.08.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।