बलौदाबाजार। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन ने पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि दीपावली के दौरान शहर के बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था में सुधार करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रवीण सेन ने प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर पर्याप्त यातायात पुलिस बल की तैनाती, बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था, जाम से निपटने के लिए विशेष यातायात प्लान लागू करने तथा भारी वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन का समय निर्धारित करने की मांग की।
इसके साथ ही ज्ञापन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आम नागरिकों एवं ग्रामीणों के प्रति दंडात्मक कार्रवाई के बजाय पहले समझाइश देने और उन्हें जागरूक करने, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों एवं आम नागरिकों के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था करने तथा शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नो-एंट्री के समय और दिशा-निर्देशों की स्पष्ट जानकारी देने वाले बड़े सूचना बोर्ड लगाने की मांग भी की गई।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सकता है।
प्रवीण सेन ने पुलिस अधीक्षक महोदय से जनहित में ज्ञापन में उल्लेखित मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर दीपावली पर्व के दौरान आवश्यक यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि शहरवासी एवं ग्रामीणजन बिना किसी परेशानी के हर्षोल्लास के साथ दीपावली का त्योहार मना सकें। प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष अनु. जा. प्रकोष्ठ जीतेन्द्र नवरत्न, शहर कोषाध्यक्ष गेवेंद्र साहू, नेता प्रतिपक्ष सलमान शेख, मोहसिन चौहान सहित कांग्रेसजन उपस्थित थेI