बलौदाबाजार। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सर्व ब्राह्मण महिला समाज द्वारा 22 अगस्त को पंडित वाल्मीकि शुक्ल विप्र वाटिका, गार्डन चौक में सावन उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
सावन उत्सव में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सोलो डांस, ग्रुप डांस, अंताक्षरी, रैंप वॉक एवं प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
सोलो डांस में स्वाति पांडे प्रथम, अंजली पांडे द्वितीय एवं नेहा शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। ग्रुप डांस में ममता शुक्ला एंड ग्रुप ने प्रथम, स्वाति पांडे एंड ग्रुप ने द्वितीय तथा अंजली पांडे ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सावन क्वीन प्रतियोगिता रही, जिसमें सुष्मिता शुक्ला ने सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया। स्वाति पांडे फर्स्ट रनर अप तथा नेहा शर्मा सेकंड रनर अप रहीं। अंताक्षरी में परवाने ग्रुप ने प्रथम तथा मस्ताने ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में ऋतु शुक्ला, मनीष शुक्ला, आराध्या शर्मा, आस्था पांडे एवं रिचा द्विवेदी शामिल रहीं। वहीं मुख्य अतिथि आराध्या शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष रिचा द्विवेदी, सचिव श्रद्धा दुबे, स्वाति मिश्रा, सुष्मिता शुक्ला, समस्त संस्कृति टीम एवं मीडिया प्रभारी का विशेष योगदान रहा। सभी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सावन उत्सव ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द को मजबूत करने का सुंदर अवसर प्रदान किया। पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल रहा तथा सभी महिलाओं ने सावन उत्सव का भरपूर आनंद लिया।