बलौदाबाजार। मंगलम कॉलोनी के आवास क्रमांक 56 एवं 57 में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का मामला अब कलेक्टर कार्यालय तक पहुंच गया है। आवास निवासी चैनु राम साहू ने कलेक्टर को आवेदन देकर पानी की सप्लाई तत्काल बहाल कराने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि भवन निर्माण एवं मेंटेनेंस से जुड़े विवाद के बीच 3 अक्टूबर 2026 को दोनों आवासों की पानी सप्लाई की पाइपलाइन काट दी गई, जिसके बाद परिवार के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया। मामले को लेकर आवेदक ने उसी दिन सिटी कोतवाली में शिकायत की थी। पुलिस द्वारा 6 अक्टूबर को NCR की प्रति दिए जाने की बात आवेदन में कही गई है।
खास बात यह है कि आवेदक ने वर्ष 2021 की पूर्व घटना और माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर के 8 अक्टूबर 2021 के आदेश का भी हवाला दिया है। आवेदन के अनुसार, उस मामले में पानी को मूलभूत आवश्यकता मानते हुए पानी की आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए थे।
आवेदक का कहना है कि भवन एवं मेंटेनेंस से संबंधित विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया से किया जा सकता है, लेकिन विवाद के कारण परिवार की पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा बाधित नहीं होनी चाहिए।
चैनु राम साहू ने कलेक्टर से मामले की जांच कर आवास क्रमांक 56 एवं 57 की पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।