बलौदाबाजार l जिले में ग्रामीण विकास कार्यों को गति प्रदान करने, जल संरक्षण एवं संवर्धन गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-GRAMG) अंतर्गत श्रमिकों को मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा आज विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन मैदानी निरीक्षण प्रातः 7 बजे से किया गया।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बलौदाबाजार की ग्राम पंचायत रिसदा में गौठान परिसर स्थित नवीन सामुदायिक तालाब निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। इसी क्रम में जनपद पंचायत पलारी की ग्राम पंचायत सैहा में दो कच्ची सिंचाई नालियों के निर्माण कार्यों तथा धान चबूतरा निर्माण हेतु प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत गाड़ाभाठा में गौठान के समीप नवीन सामुदायिक तालाब निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन किया गया।
श्रमिकों को मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता
VB-GRAMG योजनांतर्गत ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। श्रमिकों की मांग के अनुरूप समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायत स्तर पर पर्याप्त श्रममूलक कार्य प्रारंभ करने तथा अधिकाधिक श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी गई।
इसके साथ ही जल संरक्षण, तालाब निर्माण एवं सिंचाई नालियों जैसे श्रमप्रधान कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थायी एवं उपयोगी परिसंपत्तियों के सृजन पर बल दिया गया।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान
जल संरक्षण से कृषि एवं ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा
नवीन सामुदायिक तालाबों एवं कच्ची सिंचाई नालियों के निर्माण से वर्षा जल के संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा कृषि कार्यों के लिए जल उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम अपेक्षित हैं। इन कार्यों से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं कृषकों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने में भी सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा रोजगार सृजन, जल संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों के विकास को समन्वित रूप से प्राथमिकता दी जा रही है। VB-GRAMG अंतर्गत मांग आधारित श्रमिक नियोजन और विकास कार्यों की सतत निगरानी के माध्यम से ग्राम पंचायतों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को मांग के अनुरूप रोजगार के अवसर मिलें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं जनोपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण हो, जिससे गांवों के समग्र एवं सतत विकास को नई गति मिल सके।