बलौदाबाजार। शहर के प्रमुख मार्गों पर बने डिवाइडरों और उनकी अनियोजित कटिंग्स को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सोमवार को बलौदाबाजार-लवन मार्ग पर एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। दुर्गा कैरियर के पास दो कारों की जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि एक कार डिवाइडर की कटिंग से दूसरी ओर जा रही थी, इसी दौरान लवन मार्ग की ओर से आ रही दूसरी कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
यह दुर्घटना शहर में डिवाइडर की कटिंग को लेकर पहले से उठ रहे सवालों को और गंभीर बनाती है। इससे पहले रायपुर रोड पर भारत पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर की कटिंग के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था। वहीं कोतवाली थाना के सामने डिवाइडर के पास स्कूल बस और कार की टक्कर तथा गार्डन चौक पर डिवाइडर पार करते समय दो कारों की भिड़ंत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भाटापारा रोड, रायपुर रोड, लवन रोड और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर डिवाइडरों में बनाई गई कई कटिंग दुर्घटना संभावित स्थल बन चुकी हैं। इन स्थानों पर वाहन चालकों को अचानक सामने आने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके चलते आए दिन टक्कर की घटनाएं सामने आ रही हैं।
शहरवासियों का कहना है कि डिवाइडर और उनकी कटिंग का निर्धारण वाहन दबाव, सड़क की चौड़ाई, यातायात प्रवाह, दृश्यता और दुर्घटना के आंकड़ों का वैज्ञानिक अध्ययन करने के बाद किया जाना चाहिए। इसके बावजूद यदि कटिंग मनमाने तरीके से बनाई या छोड़ी जाती हैं तो यातायात सुधार की बजाय वे स्वयं दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद डिवाइडरों की कटिंग को लेकर प्रभावी सुधार नहीं होना प्रशासन और यातायात व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि नगर के सभी प्रमुख मार्गों पर बने डिवाइडरों और उनकी कटिंग्स का तत्काल तकनीकी एवं यातायात सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। दुर्घटना संभावित कटिंग्स को बंद करने अथवा उनके स्थान में आवश्यक बदलाव के साथ पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि डिवाइडर यातायात सुविधा का माध्यम बनें, हादसों का कारण नहीं।