बलौदाबाजार l राष्ट्र की रक्षा, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर पुलिस शहीदों के सम्मान में आज दिनांक 21.10.2026 को 'पुलिस स्मृति दिवस' के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पुलिस चौकी करहीबाजार के स्टाफ एवं अधिकारियों द्वारा शहीद आरक्षक श्री हीरालाल गायकवाड को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस परिवार की ओर सेदद नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पैतृक ग्राम लच्छनपुर में शहीद स्मारक पर दी गई श्रद्धांजलि: पुलिस स्मृति दिवस के इस पवित्र अवसर पर पुलिस चौकी करहीबाजार की एक टीम शहीद आरक्षक श्री हीरालाल गायकवाड के पैतृक ग्राम लच्छनपुर पहुँची। वहां पुलिस टीम ने शहीद की स्मृति में बने शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान बड़ी संख्या मे ग्रामीणजन, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा शहीद के परिवारजन भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शहीद स्मारक पर नम आँखों से श्रद्धासुमन अर्पित किए और देश व समाज के लिए दिए गए उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि हमारे वीर शहीदों का त्याग और निष्ठा सदैव हम सभी को अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा देता रहेगा।
अमर बलिदानियों का स्मरण:- पुलिस स्मृति दिवस देश के उन तमाम पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने अपनी ड्यूटी निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस परिवार द्वारा शहीदों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके कल्याण और सम्मान के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया गया।