कलेक्टर ने किया लाहौद प्राथमिक कृषि सहकारी समिति का किया निरीक्षण
किसानों को माइक्रो एटीएम के उपयोग हेतु किया प्रेरित
बलौदाबाजार l कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति लाहौद का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति में पहुंचे किसानों से खाद-बीज की उपलब्धता, समिति के संचालन तथा कृषि संबंधी सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध हो रहा है तथा समिति प्रतिदिन सुबह लगभग साढ़े आठ बजे खुल जाता है। इस पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधन की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर खाद-बीज सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए शासन द्वारा नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से इनका उपयोग करने और वैज्ञानिक खेती अपनाने का आग्रह किया।कलेक्टर ने किसानों को खरीफ सीजन के मद्देनजर फसल चयन के संबंध में भी महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि वर्षा कम होने की संभावना हो, तो किसान परिस्थितियों को देखते हुए धान के स्थान पर अन्य उपयुक्त फसलों की खेती पर भी विचार करें, ताकि नुकसान की संभावना कम हो। उन्होंने बताया कि धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को राज्य शासन की ओर से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता भी प्रदान की जाती है।
इस दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने पैक्स कम्प्यूटरीकरण की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने समिति प्रबंधक से सॉफ्टवेयर में लॉग-इन कर कृषि ऋण सहित विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देखी तथा किसानों से कम्प्यूटरीकृत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पैक्स कम्प्यूटरीकरण के माध्यम से किसानों को सभी सेवाएं पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने समिति में उपलब्ध माइक्रो एटीएम सुविधा की भी जानकारी ली। उन्होंने किसानों को बताया कि छोटी-छोटी नकदी की जरूरत के लिए अब बैंक जाने की आवश्यकता नहीं है। प्राथमिक कृषि सहकारी समिति में उपलब्ध माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसान 20 हजार रुपये तक की नकद राशि प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।