बलौदाबाजार। रिसदा बाईपास चौक पर बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों और अंधेरे को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। जानकारी मिलते ही संबंधित कार्य में तेजी लाते हुए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का तत्काल सुधार कराया गया और उन्हें चालू कर दिया गया।
स्ट्रीट लाइटें चालू होने से अब रात के समय चौक पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर हो गई है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी राहत मिली है।
गौरतलब है कि रिसदा बाईपास चौक पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने तथा आसपास भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से दुर्घटना की आशंका को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। खबर सामने आते ही संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइटों को दुरुस्त कर चालू कराया गया।
त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।