बलौदाबाजार l छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के समस्त कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा 24 फरवरी 2026 को प्रस्तुत बजट में की जा चुकी है। परंतु उक्त योजना के क्रियान्वयन एवं लागू करने में हो रहे अनावश्यक विलंब के कारण राज्य के समस्त कर्मचारियों में शासन के प्रति असंतोष एवं आक्रोश की भावना उमड़ रही है l
छत्तीसगढ़ कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ के आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ऊषा चंद्राकर, एवं संरक्षक राकेश सिंह के मार्गदर्शन में उक्त योजना के अतिशीघ्र क्रियान्वयन की मांग को लेकर दिनांक 05 अक्टूबर से आज दिनांक 07 अक्टूबर तक त्रिदिवसीय शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन स्वरूप काली पट्टी लगाकर अपने कर्तव्य स्थल पर विभागीय दायित्वों का कुशलता पूर्वक संपादन किया गया। कैशलेस चिकित्सा योजना के अविलंब प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्य के समस्त 33 जिलों के कर्मचारीगण आक्रोशित एवं उद्वेलित हैं। इसी तारतम्य में बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में समस्त विभाग के कर्मचारियों द्वारा काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर उक्त योजना के अतिशीघ्र क्रियान्वयन हेतु शासन को स्मरण कराया गया।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संघ के प्रदेश संयोजक रमेश कुमार नेगी,संतोष कुमार साहू,अजय निषाद,विजय नायक कौशिकमुनि त्रिपाठी, डॉली जोसफ दमयंती सहित कर्मचारीगण उपस्थित थे। उक्त समस्त जानकारी संघ के प्रदेश संयोजक रमेश कुमार नेगी ने दी।