बलौदाबाजार/सिमगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में विकासखंड सिमगा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के ग्राम करहुल में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली बिल योजना के तहत हितग्राही श्रीमती ईश्वरी साहू के घर पर रूफटॉप सोलर पैनल का इंस्टॉलेशन किया गया।
इस कार्य को बिहान की सोलर दीदियों के माध्यम से शुभ महिला संकुल संगठन, बनसांकरा, विकासखंड सिमगा द्वारा सोलर वेंडर के रूप में संपन्न कराया गया। यह संकुल संगठन द्वारा किया गया पांचवां सोलर पैनल इंस्टॉलेशन है, जो संगठन की बढ़ती कार्यक्षमता और महिलाओं की उद्यमशीलता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली बिल योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा परिवारों को बिजली बिल में राहत दिलाने में सहायता करना है। इस योजना से ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी मिल रहे हैं।
बिहान की सोलर दीदियां तकनीकी कार्यों में भागीदारी निभाकर पारंपरिक आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ रही हैं। सोलर पैनल इंस्टॉलेशन जैसे तकनीकी क्षेत्र में उनकी भागीदारी महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
शुभ महिला संकुल संगठन द्वारा लगातार पांच इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा किया जाना इस बात का उदाहरण है कि ग्रामीण महिला संगठन उचित प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और अवसर मिलने पर नए क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
बिहान का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाएं केवल आजीविका गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि तकनीकी उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।