बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में ग्रामीण महिलाओं को जोड़कर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई पहल की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम दसरमा, विकासखंड बलौदाबाजार की हितग्राही तरनी घृतलहरे के घर 03 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया है।
यह कार्य कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलौदाबाजार, सुश्री दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी सोलर दीदियों द्वारा किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को केवल योजना के लाभ से जोड़ने के बजाय उन्हें सौर ऊर्जा आधारित कार्यों में रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बिहान के संकुल संगठन ने स्वयं कराया वेंडर पंजीयन
इस पहल की खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत गठित संकुल स्तरीय संगठन (CLF) द्वारा स्वयं सोलर वेंडर के रूप में पंजीयन कराया गया है। इसके माध्यम से बिहान की प्रशिक्षित सोलर दीदियां हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना संबंधी कार्य कर रही हैं।
श्रीमती तरनी घृतलहरे के घर 03 किलोवाट का सोलर सिस्टम स्थापित होना इस प्रयास का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण परिवारों के बिजली खर्च में राहत और महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ा है।
स्वच्छ ऊर्जा के साथ महिलाओं को रोजगार
बिहान की सोलर दीदियों द्वारा किए जा रहे इस कार्य से ग्रामीण महिलाओं में तकनीकी दक्षता और उद्यमशीलता को बढ़ावा मिल रहा है। महिला स्व-सहायता समूहों एवं उनके संकुल स्तरीय संगठनों की भागीदारी से स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, घरेलू बिजली बचत और महिला आर्थिक सशक्तिकरण को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
“सोलर दीदी—हर घर रोशनी, हर हाथ रोजगार” की भावना के साथ बलौदाबाजार जिले में बिहान की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और हरित एवं सतत विकास की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बन रही है।