बलौदाबाजार l भाटापारा शहर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी आयोजित हो रहे अखण्ड रामनाम सप्ताह के अंतिम दिन (दिनांक 05.09.2026) निकलने वाली भव्य शोभायात्रा, धार्मिक कार्यक्रमों एवं भजन मंडलियों के जुलूस को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में आज दिनांक 03.09.2026 को पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय द्वारा भाटापारा शहर पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने सबसे पहले राम सप्ताह मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा जिले में शांति, सौहार्द और सुख-समृद्धि की कामना की। तत्पश्चात उन्होंने शहर में निकलने वाली शोभायात्रा एवं जुलूस के संपूर्ण मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश:-
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शोभायात्रा एवं भजन मंडलियों के भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे शहर को सुरक्षा की दृष्टि से अलग-अलग सेक्टरों (आडिल अस्पताल से जयस्तंभ चौक, रामसप्ताह चौक, गोविंद चौक, रायल इन होटल, हटरी बाजार, आजाद चौक आदि) में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल एवं सेक्टर प्रभारियों की तैनाती के आदेश दिए गए हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष पार्किंग व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी:-
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, थाना प्रभारी भाटापारा शहर निरीक्षक अमित पाटले, यातायात प्रभारी भाटापारा निरीक्षक नरेश कांगे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।