बलौदाबाजार/सोनाडीह। ग्राम सोनाडीह में बड़े बांधा में मिट्टी डाले जाने से किसानों की सिंचाईटी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा 16 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-आंदोलन एवं माइनिंग रोकने हेतु चक्का जाम की चेतावनी दी गई है।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा धृतलहरे जी के साथ सोनाडीह पहुंचकर किसानों एवं ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि सोनाडीह स्थित बड़े बांधा किसानों की खेती और सिंचाई के लिए महत्वपूर्ण जलस्रोत है। आरोप है कि न्यूवोको सीमेंट प्लांट, सोनाडीह द्वारा बांध में मिट्टी डाली जा रही है, जिससे बांध की मूल स्थिति और किसानों की सिंचाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बांध में मिट्टी डालने का कार्य तत्काल बंद कराया जाए, डाली गई मिट्टी हटाकर बांध की पूर्व स्थिति बहाल की जाए तथा संबंधित भूमि की लीज की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस दौरान किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके अधिकारों की रक्षा तथा सिंचाई व्यवस्था सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
किसानों के हितों और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। प्रशासन को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।