बलौदाबाजार। नगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुराना नगरपालिका क्षेत्र स्थित चूड़ी मार्केट के सामने शीतला माता मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार संजय कॉलोनी निवासी घनश्याम साहू, जो शीतला माता मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं मंदिर के संचालन और देखरेख का कार्य देखते हैं, ने बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद कर सभी लोग अपने घर चले गए थे।
अगली सुबह 14 सितंबर को करीब 7 बजे मंदिर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर चैनल गेट का ताला भी टूटा हुआ था और गेट खुला हुआ था। मंदिर परिसर की जांच करने पर वहां रखी स्टील की दान पेटी गायब मिली।
बताया गया कि दान पेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई करीब 50 हजार रुपए की राशि जमा थी। अज्ञात चोर 13 सितंबर की रात 10:30 बजे से 14 सितंबर की सुबह 7 बजे के बीच मंदिर में प्रवेश कर दान पेटी चोरी कर ले गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है और जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार के मार्गदर्शन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 सितंबर को तड़के सुबह थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने भैंसापसरा, दशरमा रोड और इंदिरा कॉलोनी क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कॉम्बिंग गश्त करते हुए अवैध शराब बिक्री, कबाड़ के रूप में चोरी का सामान रखने वाले संदिग्धों तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस द्वारा चिन्हित कुल 6 संदिग्ध मकानों एवं स्थानों पर आकस्मिक दबिश देकर गहन तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई। हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नगर में शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार का आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल स्थानीय थाने अथवा दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर दें।