बलौदाबाजार l दिनांक 14 अगस्त, 2026, छत्तीसगढ़: प्रदेशवासियों को साइबर क्राइम के विरुद्ध जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर, 2026 तक "साइबर जागृति अभियान" का आयोजन किया जाएगा। 15 अगस्त 1947 को करोड़ों देशवासियों के प्रयासों से देश को मिली आजादी के भाव से प्रेरित यह अभियान साइबर क्राइम के विरुद्ध एक एकजुटता से जागरूकता लाने और छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त बनाने का अभिनव प्रयास है।
साइबर क्राइम के विरुद्ध निरंतर चलाए जा रहे अभियानों के क्रम में छत्तीसगढ़ पुलिस का "साइबर जागृति अभियान", देश के सबसे अनोखे, इनोवेटिव और ट्रेंडी अभियानों में से एक है। इस अभियान की मुख्य थीम है — "साइबर जागृति की एक सेल्फी"। बड़ी संख्या में राज्यवासी, छत्तीसगढ़ पुलिस और संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स में जारी लिंक को क्लिक कर या QR code को स्कैन कर, जागरुकता के संदेश वाली "सेल्फी फ्रेम" में अपनी सेल्फी लेकर उस सेल्फी को स्वयं के सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करेंगे। प्रदेश के लाखों लोग, छत्तीसगढ़ पुलिस की जागरूकता संदेश वाली "सेल्फी फ्रेम" को सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे तो, साइबर क्राईम के प्रति जागरूकता का संदेश उनके फॉलोअर्स और फ्रेंड्स तक पहुंचेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग साइबर क्राईम के प्रति जागरूक होंगे। इस अभियान का उद्देश्य, जन भागीदारी में साइबर क्राइम के विरुद्ध जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। सोशल मीडिया के माध्यम से यह संदेश, सरल और प्रभावी ढंग से अधिक से अधिक लोगों तक तेजी से पहुंच सकेगा।
"साइबर जागृति अभियान" का शुभारंभ आज राजधानी रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय गृहमंत्री द्वारा किया गया। वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय एवं अशोक जैन अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार ने "साइबर जागृति अभियान" की लिंक एवं QR कोड जारी कर अभियान का शुभारंभ किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने क्यूआर कोड स्वयं अपने मोबाइल में स्कैन कर, अपनी सेल्फी ली, इसके पश्चात उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया में अपनी सेल्फी फ्रेम को पोस्ट किया। इस अवसर पर उन्होंने, जिले वासियों को अभियान के विषय में जानकारी दी और लोगों को विशेष कर सामाजिक व्यापारिक संगठनों, संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं आमजन नागरिकों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स एवं कलाकारों को अधिक से अधिक संख्या में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी जारी लिंक क्लिक कर या क्यूआर कोड स्कैन कर, सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया हैंडल में शेयर करने की अपील की।
अभियान के सार के विषय में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय ने कहा कि, "जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट होकर लड़े थे, उसी तरह हम सभी को साइबर क्राईम के विरुद्ध, साथ मिलकर जिलावासियों को जागरूक होना होगा और उन्हें साइबर सुरक्षित बनाना होगा। उन्होंने आमजनों से अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि — "साइबर जागृति अभियान" के लिए जागरूकता की एक सेल्फी लें, उस सेल्फी को सोशल मीडिया पर शेयर करें और साइबर अपराध को रोकने में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का सहयोग करें।
"साइबर जागृति अभियान" अभियान को जन-जन तक पहुँचाने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिलों में अभियान को एक व्यापक स्वरूप दिया है। 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक यानी 07 सप्ताह में प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
1. पहला सप्ताह: डिजिटल साक्षरता और बुनियादी सुरक्षा के लिए स्कूल, कॉलेजों में अभियान।
2. दूसरा सप्ताह: डिजिटल धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में अभियान।
3. तीसरा सप्ताह: "डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल" के विषय पर वरिष्ठ नागरिकों के संग टाउन हॉल का आयोजन
4. चौथा सप्ताह: स्मार्टफोन प्राइवेसी और सैफ ब्राउजिंग पर महिला कॉलेजों, सामुदायिक समूह के बीच अभियान
5. पांचवां सप्ताह: जाब फ्रॉड और फिशिंग को लेकर युवाओं को जागरूक करने रोजगार कार्यालय, आईटीआई और कौशल विकास केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन।
6. छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं के विषय पर अभियान।
7. सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों, निकायों में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में 'साइबर मुक्त छत्तीसगढ़' का संकल्प अभियान।
8. अभियान का समापन: 02 अक्टूबर 2026 'गांधी जयंती' के दिन "साइबर जागृति अभियान" का समापन किया जाएगा।
जिला पुलिस टीमों एवं सभी थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक चौराहों, पार्क और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR Code को प्रचारित किया जाएगा। साथ ही राज्य पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से एवं व्हाट्सएप ग्रुप में लिंक को शेयर कर अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी लेने एवं सोशल मीडिया में शेयर करने हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा।