बलौदाबाजार l सायबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष ‘साइबर जागृति अभियान’ (15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026) के क्रम में आज दिनांक 27.08.2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले भर के वित्तीय संस्थानों में एक विस्तृत एवं सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (IPS) के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण एवं निजी क्षेत्र के कुल 54 बैंकों में एक साथ साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे 1,560 से अधिक बैंक ग्राहक और कर्मचारी सीधे तौर पर लाभान्वित हुए।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों में उपस्थित ग्राहकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्तमान में घटित हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों जैसे - फर्जी एपीके फाइल (APK Links), क्रेडिट/डेबिट कार्ड ब्लॉक होने का झांसा, शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब स्कैम और ओटीपी/पिन चोरी के तरीकों से अवगत कराया। पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजनों को सुरक्षा के निम्नलिखित महत्वपूर्ण सूत्र बताए गए:
1. किसी भी स्थिति में अपना बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन, पासवर्ड या ओटीपी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।
2. अनजान नंबरों से आए संदिग्ध लिंक्स, लॉटरी, लोन अप्रूवल या किसी भी प्रलोभन वाले मैसेज पर क्लिक करने से बचें।
3. अपने मोबाइल में किसी भी अज्ञात ऐप (जैसे QuickSupport, AnyDesk आदि) को इंस्टॉल न करें।
बैंकों में स्थापित किए गए विशेष 'सेल्फी स्टैंड' पर नागरिकों ने अत्यंत उत्साह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सोशल मीडिया पर अपलोड कीं। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाने में जाकर सूचना दें।
कार्यक्रम में आम नागरिकों, बैंक ग्राहकों एवं अधिकारियों को छत्तीसगढ़ पुलिस के इस विशेष अभियान का हिस्सा बनने के चरणबद्ध तरीकों की जानकारी दी गई:
1. QR कोड स्कैन करें: छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी बैनर/पोस्टर या बैंकों में लगाए गए पोस्टर पर उपलब्ध QR कोड को अपने मोबाइल से स्कैन करें।
2. सेल्फी लें: लिंक खुलने के बाद दिए गए आधिकारिक फ़्रेम के माध्यम से अपनी “जागरूकता की एक सेल्फी” (Ek Selfie) लें।
3. सोशल मीडिया पर शेयर करें: अपनी सेल्फी को X (Twitter), Facebook, Instagram आदि सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर करें।
4. दूसरों को प्रेरित करें: अपने परिजनों, मित्रों और परिचितों को भी इसे शेयर कर 'साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़' के संकल्प में भागीदार बनाएं।