बलौदाबाजार l आज दिनांक 23.08.2026 को पुलिस अधीक्षक जिला बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (आईपीएस) की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार के सभाकक्ष में जिले के समस्त अनुभागों की महत्वपूर्ण एवं विस्तृत "क्राइम मीटिंग" का आयोजन किया गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से तीनों अनुविभागों की समय-सारणी अनुसार पृथक-पृथक समीक्षा बैठक ली गई।
1. बलौदाबाजार अनुभाग: सुबह 10:00 बजे (थाना व चौकियों की समीक्षा)
2. कसडोल अनुभाग: दोपहर 12:00 बजे (थाना व चौकियों की समीक्षा)
3. भाटापारा अनुभाग: दोपहर 02:00 बजे (थाना व चौकियों की समीक्षा)
लंबित प्रकरणों की समीक्षा (31.07.2026 की स्थिति में):
1. पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा 31 जुलाई 2026 की स्थिति में थानों में लंबित अपराध, मर्ग एवं शिकायतों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षों/महीनों से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।
बीएनएसएस की धारा 193(9) [पूर्व धारा 173(8) द.प्र.सं.] के तहत पूरक चालान एवं अग्रिम विवेचना से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। विवेचकों को साक्ष्यों का सही संकलन कर समय-सीमा में न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने हेतु ताकीद किया गया।
आमजनों से प्राप्त शिकायतों एवं मर्ग जांच की पेंडेंसी को समाप्त करने के कड़े निर्देश दिए गए। आवेदकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच करने हेतु कहा गया।
अवैध शराब तस्करों, जुआ-सट्टा एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसिक पुलिसिंग, गश्त-पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
इस मैराथन समीक्षा बैठक में खोमन सिन्हा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार, जिला पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारी (उप पुलिस अधीक्षक/एसडीओपी) एवं जिले के सभी थानों व चौकियों के प्रभारी उपस्थित रहे।