बलौदाबाजार। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलौदाबाजार सुश्री दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में बिहान (NRLM) से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिमगा विकासखंड के हथबंद क्षेत्र की प्रमिला साहू ने अपनी मेहनत और लगन से नर्सरी व्यवसाय के जरिए आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई है।
प्रमिला साहू उड़ान महिला IFC संकुल संगठन, हथबंद से जुड़ी हैं और आजीविका सेवा केंद्र-कचालोन के अंतर्गत नर्सरी व्यवसाय का संचालन कर रही हैं। विजयलक्ष्मी समूह एवं जय भारती ग्राम संगठन के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के माध्यम से विभिन्न प्रजातियों के पौधों की नर्सरी तैयार की जा रही है।
कभी खेती-किसानी तक सीमित अपनी आजीविका को प्रमिला ने नए अवसर में बदलते हुए पौधों के उत्पादन, देखभाल और बिक्री को रोजगार का माध्यम बनाया। इससे उन्हें स्वयं आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में हरियाली और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
बिहान की पहल से प्रमिला के आत्मविश्वास को नई दिशा मिली है। उनकी कहानी यह दर्शाती है कि मेहनत और सही अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं अपनी आजीविका को मजबूत कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकती हैं।
बिहान — ग्रामीण महिलाओं के सपनों को आत्मनिर्भरता की राह दिखाती नई सुबह।