बलौदाबाजार l पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा आगामी गणेश उत्सव विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 24.09.2026 की शाम 06:00 बजे बलौदाबाजार नगर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दृष्टिकोण से विशाल फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च:- फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा द्वारा किया गया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बलौदाबाजार उषा सोंधिया, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक सहित 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की टुकड़ी शामिल रही।
मार्ग एवं भ्रमण:- पुलिस बल का यह फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) बलौदाबाजार से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य एवं संवेदनशील मार्गों से गुजरा। फ्लैग मार्च गार्डन चौक, नया बस स्टैंड एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों से होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक बलौदाबाजार में जाकर संपन्न हुआ।
शांति व सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश:- फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को सख्त चेतावनी दी कि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, आम नागरिकों, गणेश उत्सव समितियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षा का विश्वास दिलाते हुए त्यौहार को शांति, सद्भाव व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
यातायात व सुरक्षा बल की तैनाती:- उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री मोनिका मरावी ने बताया कि विसर्जन झांकियों के दौरान शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान एवं पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।