बस चालक पर प्राणघातक हमले का आरोप, गंभीर चोट के बाद पुलिस ने दर्ज किया अपराध
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार बस स्टैंड में ई-रिक्शा चालकों और बस संचालकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बस चालकों के अनुसार, ई-रिक्शा चालकों द्वारा कथित रूप से मारपीट और अभद्र व्यवहार से नाराज होकर बलौदाबाजार मार्ग से संचालित होने वाली बसों के पहिए रोक दिए गए।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक बस चालक के सिर पर कथित रूप से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल चालक का चिकित्सकीय परीक्षण (मुलाहिजा) कराया गया, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
बस संचालकों का आरोप है कि बस स्टैंड में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पूर्व में एक सरकारी अधिवक्ता के परिवार के साथ भी ई-रिक्शा चालकों द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई थी।
बस संचालकों ने आरोप लगाया कि कुछ ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में रहते हैं और आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न करते हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।