बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बलौदा बाजार द्वारा आज जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा घृतलहरे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
प्रेस वार्ता को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेंद्र शर्मा तथा मीडिया संचार विभाग के पूर्व अध्यक्ष शैलेश नितीन त्रिवेदी ने संबोधित किया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि सीजीपीएससी परीक्षा में समान उत्तर लिखने वाले अभ्यर्थियों को अलग-अलग अंक दिए जाने का मामला सामने आया है, जो मूल्यांकन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंटरव्यू में निर्धारित 1:3 अनुपात का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि 265 पदों के लिए नियमानुसार 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू हेतु बुलाया जाना चाहिए था, लेकिन केवल 608 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। इस कारण 187 अभ्यर्थी इंटरव्यू के अवसर से कथित रूप से वंचित रह गए। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
मीडिया संचार विभाग के पूर्व अध्यक्ष शैलेश नितीन त्रिवेदी ने कहा कि मूल्यांकनकर्ताओं के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक होना परीक्षा की गोपनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता उनके भविष्य और व्यवस्था के प्रति विश्वास को प्रभावित करती है।
पत्रकारों द्वारा पूर्व कांग्रेस शासनकाल में हुई पीएससी अनियमितताओं को लेकर सवाल पूछे जाने पर सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि पूर्व मामलों में जांच कर दोषियों को सजा दी गई है, तो भाजपा सरकार को वर्तमान कथित अनियमितताओं की भी निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार दोषियों के चेहरे उजागर करेगी और उन्हें कानून के अनुसार सजा दिलाएगी?
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरें ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर विषय पर कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, जिला कांग्रेस महामंत्री लखेश साहू, राम कुमार साहू, जितेंद्र नवरत्न, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष दीपक साहू, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, मोतीलाल वर्मा, नरेंद्र वर्मा, जय सिंह ठाकुर सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।