बलौदाबाजार। बलौदाबाजार से बिलासपुर जाने वाले एकमात्र प्रमुख मार्ग पर करही मेकरी चौक से शिवनाथ नदी तक करीब चार किलोमीटर सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह तीन से चार फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं हो पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ गया है। छोटी कारों और दोपहिया वाहनों के लिए इस मार्ग से सुरक्षित आवागमन करना मुश्किल हो गया है।
बलौदाबाजार के वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चन्द्र श्रीवास्तव ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग शासन-प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग केवल बलौदा बाजार और बिलासपुर को जोड़ने वाला रास्ता नहीं है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। बिलासपुर में उच्च न्यायालय के साथ-साथ प्रमुख व्यापारिक एवं शैक्षणिक संस्थान होने के कारण बलौदा बाजार जिले से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन बिलासपुर आते-जाते हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न प्रमुख शहरों की ओर आवागमन के लिए भी बिलासपुर महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इस मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। सड़क की वर्तमान स्थिति के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलने के लिए बार-बार वाहन की दिशा बदलनी पड़ती है। इससे आमने-सामने से आने वाले वाहनों के बीच टक्कर की आशंका भी बनी रहती है।
अधिवक्ता श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। गहरे गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क के गड्ढों को भरने के साथ ही जर्जर हिस्से का आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने भी मार्ग की शीघ्र मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।