बलौदाबाजार l अल्ट्राटेक रावन सीमेंट सी एस आर एवं ग्राम पंचायत औरासी के संयुक्त तत्वाधान में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम औरासी में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक शाला के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को बहुत ही प्रभावशाली और सजीव तरीके से प्रस्तुत किया।
बच्चों ने अपने अभिनय, संवाद एवं संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को यह बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए कितना हानिकारक है। उन्होंने युवाओं एवं ग्रामीणजनों से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच श्रीमती नीमा लिलेन्द्र साहू ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके संदेश को जनहित में महत्वपूर्ण बताया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों द्वारा दिया गया यह संदेश सभी के लिए प्रेरणादायक रहा और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, पंचगण, शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष बीरसिंग निषाद, ग्रामवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अल्ट्राटेक रावन सीमेंट संयंत्र सी एस आर द्वारा समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अल्ट्राटेक रावन से सीएसआर हेड निरुपा श्रीवास्तव, अधिकारी ज्योस्तना पति एवं रंजय पाण्डेय तथा टीम से सुरेंद्र यादव, ताराचंद वर्मा, सुनीता निषाद एवं गुमान साहू की सहभागिता रही।