समाचार
बच्चों ने जताई क्रिकेटर बनने की इच्छा,कलेक्टर ने तत्काल बैट-बॉल दिलाकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कलेक्टर ने प्राथमिक शाला खम्हारडीह का किया निरीक्षण,बच्चों से किया आत्मीय संवाद,अतिरिक्त कक्ष निर्माण की दी मंज़ूरी
बलौदाबाजार l कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने रविवार को विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत प्राथमिक शाला खम्हारडीह का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान बच्चों ने डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस अधिकारी और सैनिक बनने की इच्छा व्यक्त की। वहीं विकास कुमार पैकरा और पीयूष पैकरा ने बड़े होकर क्रिकेटर बनने का सपना साझा किया । बच्चों के खेल के प्रति उत्साह को देखते हुए कलेक्टर श्री शर्मा ने तत्काल उन्हें बैट एवं बॉल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुछ ही देर में बच्चों को बैट-बॉल प्रदान किए गए। खेल सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने कलेक्टर को थैंक यू सर कहा।
इसी दौरान कक्षा पांचवीं की छात्रा देविका रात्रे ने कहा कि वह भविष्य में कलेक्टर बनना चाहती है। इस पर कलेक्टर श्री शर्मा ने उसका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि वह मन लगाकर पढ़ाई करेगी और निरंतर मेहनत करेगी तो निश्चित रूप से अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगी। उन्होंने सभी बच्चों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा है। आवश्यकता केवल उनकी क्षमता को पहचानकर उन्हें सही दिशा और उचित मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रामीणों से भी बच्चों का नियमित उत्साहवर्धन करने तथा उनकी शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की आवश्यकता से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री शर्मा ने विद्यालय भवन के लिए दो अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आश्वासन दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, डीईओ संदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।